बदायूंराजनीति

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का महाअभियान

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का महाअभियान

05 जून से 21 जून तक जिलेभर में होंगे जनसंपर्क, जनकल्याण एवं व्यापक कार्यक्रम

 

बदायूँ, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर आगामी 05 जून से 21 जून 2026 तक चलने वाले “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने संबोधित किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, राष्ट्र गौरव एवं जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान सम्मान तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।

 

उन्होंने बताया कि “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रमों से होगी। 13 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

 

राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 16 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें समाज के प्रबुद्ध वर्ग एवं विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 17 जून को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे आमजन सरकार के विकास कार्यों से अवगत हो सकें।

 

उन्होंने आगे कहा कि 18 एवं 19 जून को किसान मोर्चा द्वारा प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक उत्पादों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला में प्रगतिशील किसानों एवं कृषि विशेषज्ञों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि 08 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत समाज के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट व्यक्तियों से संपर्क कर संवाद स्थापित किया जाएगा। अभियान के दौरान वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रमों को भी गति दी जाएगी। इसके अतिरिक्त विकास कार्यों एवं प्रमुख परियोजनाओं के स्थलों का भ्रमण कर जनता के बीच सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

 

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि “बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, सुरक्षा एवं विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की हैं। आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत नेतृत्व एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा। भाजपा का मूल मंत्र “सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम” की भावना है, जिसे कार्यकर्ता समाज के बीच निरंतर मजबूत करेंगे।

 

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल ने किया।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, ब्लॉक प्रमुख वीरेन्द्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुभाष चंद्र गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनेकपाल सिंह, चेयरमैन कछला जगदीश लोनिया सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!