गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप, सीडीओ से जांच की मांग
गौशाला में अव्यवस्थाओं का आरोप, सीडीओ से जांच की मांग

बदायूं। जनपद की ग्राम पंचायत आमगांव स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं और गोवंशों की संख्या में कमी को लेकर ग्रामीण ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। गांव निवासी गमन पटेल ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 23 जून 2026 को प्राप्त जानकारी के आधार पर गौशाला में दर्ज गोवंशों की संख्या 39 बताई गई, जबकि मौके पर केवल 35 गोवंश ही मौजूद मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष से कई गोवंश लापता हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि गौशाला में चारे की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। चोकर का स्टॉक समाप्त है और गोवंशों को केवल भूसा खिलाया जा रहा है। साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं बताई गई है, जिससे गोवंशों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गौशाला में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।



