
समरसता संकल्प अभियान के तहत बिसौली ग्रामीण में निकली पावन कलश वंदन यात्रा

संत रविदास की जन्मस्थली की माटी का मंदिरों और दलित बस्तियों में हुआ स्वागत
रोहिलखण्ड प्रभात संवाददाता
बदायूं। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा संचालित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत पावन कलश वंदन यात्रा सोमवार को बिसौली ग्रामीण मंडल पहुंची। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास महाराज की पावन जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी से युक्त कलश का श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से वंदन किया।
यात्रा का मंडल के विभिन्न मंदिरों पर पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के जीवन, समरसता और सामाजिक समानता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाया गया।
मंदिरों और बस्तियों में पहुंची कलश वंदन यात्रा
पावन कलश वंदन यात्रा सुबह 10:00 बजे प्राचीन शिव मंदिर, हथसा पहुंची। इसके बाद शिव मंदिर पनौड़ी, देवी मंदिर अतरपुरा, कालसेन बाबा मंदिर रहेड़ी तथा देवस्थान ढके वाले महाराज पर श्रद्धालुओं ने कलश का विधिवत पूजन एवं वंदन किया। यात्रा मंदिरों के साथ-साथ दलित बस्तियों में भी गई, जहां स्थानीय नागरिकों ने कलश वंदन कर सामाजिक सद्भाव का संकल्प लिया।
वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कुंवर शिवम प्रताप सिंह ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, सद्भाव और मानव सेवा की प्रेरणा दी। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समरस और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमित पाठक ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का जनआंदोलन है। संत रविदास के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, सनवीर पाल, सुमित सिंह, शैलेश शर्मा, विनोद पराशर, आशीष सिंह, अम्बुज सिंह, सोहित सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




