मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी,

पंचायत राज विभाग में तैनात सफाई कर्मचारी पर लगा आरोप
बदायूं। जनपद के थाना हजरतपुर क्षेत्र के निवासी से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है
पीड़ित का आरोप है कि पंचायत राज विभाग में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लोगों से लाखों रुपये ठग लिए।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, आरोपी मुज्लिमान सत्यदेव शर्मा पुत्र श्रीराम, निवासी मोहल्ला बाबा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, जिला बदायूं, जो वर्तमान में पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है, बीते दिनों अपने साथियों के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज बदायूं में 501 पदों पर भर्ती निकलने की बात कही। आरोप है कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से नौकरी लगवाने के नाम पर प्रति व्यक्ति एक से दो लाख रुपये की मांग की गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए एक कथित सूची दिखाई, जिसमें उसके बेटे, भांजे और साले का नाम शामिल बताया गया। झांसे में आकर पीड़ित ने अपने परिजनों के सामने आरोपियों को एक-एक लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने एक माह के भीतर ज्वाइनिंग लेटर देने का आश्वासन दिया।
जब निर्धारित समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित मेडिकल कॉलेज पहुंचा, जहां स्टाफ ने उक्त सूची को फर्जी बताते हुए उसे भगा दिया। तब पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने उक्त सत्यदेव शर्मा से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी मुज्लिमान व उसके साथियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए किसी भी कार्रवाई से बचने की बात भी कही।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।



