ट्रैक्टरों की रेस ने छीनी छह महिलाओं की जिंदगी, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
ट्रैक्टरों की रेस ने छीनी छह महिलाओं की जिंदगी, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

भात मांगने जा रही थीं महिलाएं, ई-रिक्शा को मारी टक्कर; छह की मौत, तीन घायल
बदायूं। उझानी थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार दो ट्रैक्टरों की कथित रेस के दौरान एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी गई, जिससे उसमें सवार छह महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने चल रहे ई-रिक्शा को उन्होंने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने छह महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ई-रिक्शा चालक सन्नी (32) और डाल सिंह (58) समेत तीन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जानकारी के अनुसार कछला के मोहल्ला मुरावन नगला निवासी डाल सिंह के पुत्र कुंवरपाल की शादी आगामी 29 जून को होनी है। परिवार की महिलाएं शादी की पारंपरिक रस्म ‘भात’ मांगने के लिए पड़ोसी गांव गढ़ौना जा रही थीं। इसी दौरान यह हृदयविदारक हादसा हो गया। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार देखते ही देखते गहरे शोक में डूब गया।
मृतकों में राजकुमारी (55), गंगाश्री (32), रेवती (80), प्रेम देवी (45), नारायणी देवी (32) तथा एक अन्य महिला शामिल हैं। हादसे के बाद दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को सामने लाया है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि शादी की खुशियों के बीच मातम छा जाने से हर आंख नम है।




