विचाराधीन भूमि पर जबरन कब्जे का प्रयास, रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ का आरोप

कोर्ट में मामला चलने के बावजूद राजस्व टीम व जेसीबी लेकर पहुंचे दबंग, रेस्टोरेंट को पहुंचाया नुकसान
बदायूं।कोतवाली सदर क्षेत्र के कुरऊ रोड स्थित ग्राम पंचायत चुंगी बाहर में एक व्यक्ति ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जे की कोशिश को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने राजस्व विभाग की टीम और विपक्षी दल पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय और कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।पीड़ित मुशाहिद खान पुत्र मोहम्मद मियां ने बताया कि कुरऊ रोड पर उनकी पुश्तैनी जमीन है, जिस पर वर्तमान में ‘फ्रेंड्स जोन रेस्टोरेंट’ संचालित हो रहा है। आरोप है कि 17 जून की शाम करीब पांच बजे राजस्व विभाग की टीम कुछ बाहरी लोगों के साथ अचानक मौके पर पहुंच गई। टीम ने एक कथित समझौता नामा दिखाते हुए भूमि पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया।
न्यायालय में विचाराधीन है मामला
पीड़ित मुशाहिद खान के अनुसार, विवादित भूमि से संबंधित मामला वर्तमान में बरेली कमिश्नरी एवं अपर जिलाधिकारी न्यायालय, बदायूं में विचाराधीन है। कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद कानून को ताक पर रखकर जबरन कब्जे का प्रयास किया गया। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो मौके पर मौजूद लेखपाल कमल कुमार तथा अन्य कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़ित ने दावा किया है कि इस पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में उनके पास सुरक्षित है।
देर रात जेसीबी से नुकसान पहुंचाने का आरोप
मामला यहीं नहीं रुका, पीड़ित का आरोप है कि उसी दिन देर रात कुछ लोग मौके पर जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे। दबंगों ने रेस्टोरेंट के ढांचे को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां रखी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। पीड़ित मुशाहिद खान ने संबंधित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने और अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




