
डीपीएस बदायूं में स्कॉलर बैज सेरेमनी, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

बदायूं। शहर के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बदायूं में शनिवार शाम स्कॉलर बैज सेरेमनी का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हरप्रीत सिंह एवं फाउंडर प्रिंसिपल चारुल अग्रवाल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर ओवरऑल टॉपर्स, विषयवार टॉपर्स एवं प्रदर्शन में सुधार करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, गायन एवं वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

विद्यालय के ओवरऑल टॉपर्स को टाई पहनाकर ट्रॉफी व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। पिछले तीन वर्षों से लगातार टॉपर्स की सूची में शामिल रहने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से ब्लू ब्लेजर पहनाकर सम्मानित किया गया।

ब्लू ब्लेजर प्राप्त करने वालों में कक्षा 5 के विवान गुगलानी व अविका अग्रवाल, कक्षा 6 के आरना राठौर व आर्यमन हरी गुप्ता, कक्षा 7 की नव्या रस्तोगी व लवीजा जुबेर तथा कक्षा 9 के अर्जुन अंकित, यशी वर्मा और अथर्व सक्सेना शामिल रहे।
मुख्य अतिथि हरप्रीत सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व की बात है और अन्य विद्यार्थियों को इन मेधावियों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों को सराहनीय बताया।
प्रधानाचार्य राजीव सामंतों ने कहा कि कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनका महत्वपूर्ण योगदान होता है।
कार्यक्रम का संचालन छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। आयोजन एक्टिविटी इंचार्ज अंशी सोना एवं ध्रुव सिंह की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




