दातागंज में प्रशासनिक कार्यों को मिली रफ्तार, सुपरवाइजर रवींद्र कुमार सम्मानित

दातागंज में प्रशासनिक कार्यों को मिली रफ्तार, सुपरवाइजर रवींद्र कुमार सम्मानित

बदायूं/दातागंज। तहसील दातागंज में प्रशासनिक एवं विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। इसी क्रम में विकास क्षेत्र समरेर के सुपरवाइजर सर्किल-032 के प्रभारी रवींद्र कुमार को एचएलबी कार्य सबसे पहले एवं शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान दातागंज उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह एवं तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में तहसील के विभिन्न कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।
उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उन्होंने रवींद्र कुमार के कार्य को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित करने से अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम ने तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्व टीम ने लंबित मामलों के निस्तारण और राजस्व वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने सम्मान प्राप्त कर्मचारी एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि तहसील प्रशासन का लक्ष्य “नो पेंडेंसी” के सिद्धांत पर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि बेहतर परिणाम टीमवर्क और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन का परिणाम हैं।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की। नागरिकों का कहना है कि एसडीएम प्रेमपाल सिंह एवं तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला के कार्यकाल में तहसील के कार्यों में तेजी आई है तथा आम लोगों को समय पर सुविधाएं मिल रही हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि अधिकारियों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा से सरकारी तंत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
संवाददाता : अभिषेक वर्मा, बदायूं




