पटाखे वाली मोडीफाइड बुलेट से मोहल्ले में दहशत, ग्रामीणों ने दी तहरीर

बदायूं। कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बनगढ़ में एक युवक द्वारा मोडीफाइड बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखों जैसी तेज आवाजें निकालकर मोहल्ले में दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। युवक की हरकतों से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मामले को लेकर एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार युवक लंबे समय से मोडीफाइड बुलेट चलाकर गांव की गलियों में तेज धमाकेदार आवाजें निकालता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने युवक पर लड़कियों पर फब्तियां कसने का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पूर्व भी पुलिस युवक की मोडीफाइड बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर चुकी है। बताया जाता है कि युवक अपने साथियों के साथ कस्बे में बुलेट से पटाखे जैसी आवाजें निकाल रहा था, तभी पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसे पकड़ लिया था। इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में कोई सुधार नहीं आया।
इसी बीच गांव में हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उस पर 40 हजार रुपये की कार्रवाई हुई थी और उसने 20 हजार रुपये थाने में दिए थे। वायरल वीडियो के बाद पुलिस की पूर्व कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि वायरल वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रविवार देर शाम युवक ने एक बार फिर गांव की गलियों में बुलेट से तेज धमाकेदार आवाजें निकालते हुए लोगों को परेशान किया। इससे नाराज ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसकी हरकतों से गांव का माहौल खराब हो रहा है और कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी युवक घर से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




