
पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे सांसद आदित्य यादव दिलाया हर संभव मदद का भरोसा

बदायूं/संभल। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने क्षेत्र में घटित दो गंभीर घटनाओं को लेकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

सबसे पहले सांसद आदित्य यादव बिल्सी क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार मासूम बच्ची का हाल जानने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और घटना पर गहरा दुख जताया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि “इस तरह की जघन्य घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”

इसके बाद सांसद आदित्य यादव संभल जिले के गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के धनारी थाना इलाके के गांव मलुआ (घेर भिरावटी) पहुंचे, जहां दो अप्रैल से लापता पिता-पुत्र नरेश और भीमसेन के शव मिलने के बाद शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
सांसद ने कहा कि “यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।”




