बदायूंराजनीति

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का त्याग और पराक्रम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : पंकज सिंह

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का त्याग और पराक्रम हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : पंकज सिंह

बदायूँ। दातागंज कस्बे के प्रमुख चौराहे पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण समारोह हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को लगभग 6 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कई जनहितकारी योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

 

कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ मुख्य अतिथि का जोरदार स्वागत किया। क्षत्रिय महासभा एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में पंकज सिंह ने महाराणा प्रताप के जीवन, त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक समाज नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उनका जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और विकास कार्यों की यह श्रृंखला उसी का हिस्सा है।

 

इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर मजबूत हो रहा है तथा विपक्षी गठबंधन जनता का भरोसा जीतने में असफल रहेगा।

 

 

 

समारोह में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन जितेंद्र सक्सेना, डीसीडीएफ चेयरमैन रविन्द्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह उर्फ अंकित भैया, दिनेश कुमार सिंह, के.सी. शाक्य, धीरज सक्सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि दातागंज विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में यह दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। महाराणा प्रताप की प्रतिमा क्षेत्र को नई पहचान प्रदान करेगी तथा विकास परियोजनाओं से जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

 

 

 

कार्यक्रम में शामिल स्थानीय लोगों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना को गौरव का विषय बताया। लोगों ने कहा कि विकास कार्यों के शिलान्यास से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और आम जनता को राहत प्राप्त होगी।

 

 

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा नेता विनय कुमार सिंह एडवोकेट का सेवा भाव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। भीषण गर्मी के बीच उन्होंने बुजुर्गों एवं महिलाओं को स्वयं पानी पिलाकर सेवा का परिचय दिया, जिसकी लोगों ने सराहना की।

 

 

 

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में डॉ. अरविंद कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद अग्रवाल ने मंच संचालन कर कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा। भाजपा कार्यालय प्रमुख अमित कुमार सिंह भी व्यवस्थाओं में सक्रिय दिखाई दिए।

 

 

 

इतने बड़े आयोजन को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसपी सिटी अभिषेक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। कोतवाली प्रभारी वेदपाल सिंह अपनी टीम के साथ लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।

 

एसपी सिटी अभिषेक सिंह एवं सीओ राहुल पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम में वीआईपी सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जनप्रतिनिधियों, आयोजकों और आम जनता के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

 

समारोह के अंत में क्षत्रिय महासभा एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नगरवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

 

संवाददाता: अभिषेक वर्मा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!