
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का वृक्षारोपण अभियान

‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत जनपदभर में लगाए गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बदायूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद बदायूँ में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। 05 जून से 21 जून 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बूथों और सार्वजनिक स्थलों पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सिविल लाइन मंडल में, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने ग्राम ललेई में, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने नगर पालिका परिषद दातागंज परिसर में, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने ग्राम शहजाद नगर में तथा पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने बिसौली नगर में पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति संरक्षण और मातृ सम्मान का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्ग के सशक्तिकरण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने लोगों से पौधारोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पौधे पर्यावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ जैव विविधता और मानव जीवन के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाजहित के कार्यों में सदैव अग्रणी रहते हैं। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार करने का संकल्प भी है।
पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध अटूट है। यदि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य का निर्माण करना है तो वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा तथा प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, जिला सह-कार्यालय मंत्री जितेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, मंडल महामंत्री रचित साहू, शक्तिकेंद्र संयोजक सूर्य गौरव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




